Gold Price Today: जो लोग पिछले कुछ दिनों से सोना खरीदने की सोच रहे थे लेकिन बढ़ती कीमतों को देखकर रुक गए थे, उनके लिए अब राहत की खबर है। लगातार दूसरे हफ्ते सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। 24 कैरेट सोने का दाम बीते एक हफ्ते में ₹3,330 तक नीचे आ गया है। वहीं चांदी की कीमत भी कम हुई है।
दिल्ली समेत देश के कई बड़े शहरों में सोने-चांदी की कीमतों में यह गिरावट साफ दिखाई दे रही है। अब सवाल ये है कि क्या ये सही वक्त है खरीदारी का? उससे पहले एक नजर डालते हैं लेटेस्ट रेट पर।
दिल्ली में कहां पहुंचा सोना?
राजधानी दिल्ली में अब 24 कैरेट सोने की कीमत ₹97,570 प्रति 10 ग्राम हो गई है। वहीं 22 कैरेट सोना ₹89,450 प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है।
इस हफ्ते की शुरुआत में कीमतें इससे कहीं ज़्यादा थीं, यानी जिन लोगों ने कुछ दिन पहले खरीदारी नहीं की, उन्हें अब फायदा हो सकता है।
मुंबई, कोलकाता, चेन्नई और बाकी शहरों में क्या है रेट?
मुंबई, चेन्नई और कोलकाता जैसे शहरों में 22 कैरेट सोना अब ₹89,300 प्रति 10 ग्राम पर है, जबकि 24 कैरेट सोना ₹97,420 प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है।
जयपुर, लखनऊ और चंडीगढ़ में 24 कैरेट सोने का दाम दिल्ली के बराबर ₹97,570 है और 22 कैरेट का रेट ₹89,450 बना हुआ है।
भोपाल और अहमदाबाद में भी कीमतें लगभग एक जैसी हैं। यहां 22 कैरेट सोना ₹89,350 और 24 कैरेट सोना ₹97,470 प्रति 10 ग्राम मिल रहा है।
चांदी भी हुई सस्ती
केवल सोना ही नहीं, चांदी की कीमत में भी इस हफ्ते गिरावट आई है। बीते एक हफ्ते में चांदी करीब ₹2,200 सस्ती हुई है और अब यह ₹1,07,800 प्रति किलो पर आ गई है।
हाल ही में एक रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया था कि जून के अंत तक चांदी ₹1,30,000 प्रति किलो तक पहुंच सकती है, लेकिन फिलहाल के आंकड़े इससे अलग तस्वीर दिखा रहे हैं।
गिरावट के पीछे क्या कारण?
रिपोर्ट्स के मुताबिक चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के पीछे कुछ वैश्विक कारण हो सकते हैं जैसे चीन द्वारा रेयर-अर्थ मैग्नेट्स के निर्यात पर रोक, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स में चांदी की बढ़ती मांग और लगातार पांचवें साल वैश्विक आपूर्ति की कमी।
हालांकि आम खरीदार के लिए इतना समझना काफी है कि इस समय बाजार में सोना और चांदी दोनों थोड़े सस्ते हो चुके हैं। अगर खरीदारी की योजना बना रहे हैं तो यह वक्त आपके लिए फायदेमंद हो सकता है।